परिवार परामर्श केंद्र ने बचाए दो टूटते रिश्ते, काउंसलिंग से फिर साथ आए दंपति।
संवादाता अमन अहमद।
परिवार परामर्श केंद्र की पहल पर शुक्रवार को दो ऐसे परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं, जो आपसी विवादों के चलते टूटने की कगार पर पहुंच चुके थे। महिला थाना परिसर स्थित नारी उत्थान केंद्र भवन में आयोजित काउंसलिंग सत्र में दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाते हुए रिश्तों की अहमियत बताई गई, जिसके बाद पति-पत्नी ने साथ रहने का फैसला लिया। यह कार्रवाई डॉ. इलामारन के निर्देशन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से की गई। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवादों और मतभेदों को गंभीरता से सुना गया। काउंसलरों ने दोनों पक्षों को संवाद और विश्वास बनाए रखने की सलाह दी, जिससे सकारात्मक परिणाम सामने आए। पहले मामले में मारहरा क्षेत्र निवासी रंजन और उनके पति सौरभ के बीच चल रहे विवाद का समाधान कराया गया। वहीं दूसरे मामले में शाहबाजपुर निवासी सरिता बेगम तथा हाथरस निवासी अंसार उर्फ सुमित के बीच भी आपसी सहमति बन गई। दोनों परिवारों ने पुरानी बातों को भूलकर नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने की सहमति जताई।काउंसलिंग प्रक्रिया में काउंसलर खुशबू शर्मा और नीलम गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मवती, महिला उपनिरीक्षक सुनीता बाई सहित महिला पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा। उपस्थित लोगों ने परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताया।












