एटा में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप: दांतों से नाक-कान काटकर किया हमला, चार लोग घायल

एटा में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप: दांतों से नाक-कान काटकर किया हमला, चार लोग घायल

संवाददाता धर्मेंद्र चौहान

एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के कोच्चि डेरा गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम हुए इस झगड़े में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया



और दांतों से नाक, होंठ, मुंह व गाल तक काट लिए। घटना में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय पप्पू पुत्र बक्सी, उनकी पत्नी हसीना और दूसरे पक्ष से अरुण पुत्र बक्सी सहित चारों का मेडिकल परीक्षण कराया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बारे में हसीना ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले उन्होंने दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। शुक्रवार को उसी मामले से संबंधित एक सरकारी नोटिस थाने से आने पर दूसरा पक्ष भड़क गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके होंठ और गाल दांतों से काट लिए गए।

सकीट थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से हैं और पुराने मामले को लेकर तनाव पहले से बना हुआ था। शुक्रवार को नोटिस पहुंचने पर फिर से विवाद भड़क गया और दोनों ओर से हमला किया गया। पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें