उप कृषि निदेशक राजीव कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन सम्पन्न
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा


गौतमबुद्धनगर 15 जुलाई, 2026 शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद के कृषकों की कृषि से सम्बन्धित समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। उक्त क्रम में आज उप कृषि निदेशक कार्यालय, विकास भवन में उप कृषि निदेशक राजीव कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया।किसान दिवस में प्रगतिशील कृषकों ने सम्मिलित होते हुए अपनी समस्याओं को बैठक में रखा। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं कृषि यंत्रीकरण से संबंधित विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किस्त हस्तांतरण में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई किसानों द्वारा सेल्फ रजिस्ट्रेशन के दौरान कृषि भूमि का विवरण सही प्रकार से दर्ज न किए जाने के कारण किस्त हस्तांतरण में कठिनाई आ रही है। ऐसे किसानों को जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ‘अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन’ विकल्प के अंतर्गत अपनी भूमि का विवरण संशोधित एवं अद्यतन कराने की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही कार्यक्रम में इस विषय पर भी बल दिया गया कि किसान द्वारा प्रयोग की जाने वाली खाद की मात्रा कृषक को उपलब्ध कराये गये सॉइल हेल्थ कार्ड के निष्कर्षों पर ही आधारित हो। कृषकों की सहायता हेतु आयोजित इस किसान दिवस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभागों के अधिकारी, जिसमें सिंचाई, ऊर्जा एवं कृषि उत्पादन शाखा से जुड़े विभाग जैसे कृषि, उद्यान, मतस्य, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारियों व एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से सम्बन्धित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्त में उप कृषि निदेशक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी कृषकों, सम्बंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कार्यकम समापन की घोषणा की गयी। गौतमबुद्धनगर।












