इंस्टाग्राम पर बनी दोस्ती बनी जानलेवा, युवक को नंगा कर पीटा – वीडियो वायरल, अब तक लापता
मेरठ/बिजनौर: उत्तर प्रदेश में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। मेरठ के भैसाली बस अड्डे से लापता युवक अमित आर्य का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चार युवक उसे नग्न करके बेरहमी से डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पीड़ित युवक की पहचान बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र के गांव रठौड़ा निवासी अमित आर्य पुत्र वीर सैन के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 11 जुलाई को वह घर से निकला था और तभी से लापता है। वायरल वीडियो के आधार पर यह पुष्टि हुई कि वह बिजनौर जिले के चांदपुर कस्बे में देखा गया था।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
परिजनों के मुताबिक, अमित की इंस्टाग्राम पर चांदपुर निवासी एक युवती ज्योति से दोस्ती हुई थी। उसी से मिलने के लिए वह 11 जुलाई को चांदपुर गया था। लेकिन वहां किसी विवाद के चलते ज्योति ने अपने चार साथियों को बुला लिया, जिन्होंने अमित को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नामजद आरोपी हिरासत में, फिर भी युवक का सुराग नहीं
परिजनों की शिकायत पर 26 जुलाई को पुलिस ने अमित की गुमशुदगी दर्ज की और जांच में ज्योति पुत्री परवेंद्र सिंह निवासी ग्राम स्याऊ, सचिन पुत्र गजराज और छोटू उर्फ जानी पुत्र सुभाष निवासी ग्राम कोसलिया को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक अमित का कोई पता नहीं चला है।
परिजनों की गुहार
अमित के परिजनों का कहना है कि वीडियो सामने आने के बावजूद कार्रवाई बेहद धीमी है। उनका आरोप है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे धरना प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
यह मामला न केवल सोशल मीडिया की आभासी दोस्तियों पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को भी उजागर करता है। फिलहाल युवक की तलाश और मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है।
ये भी पढ़ें MP: दुकानदार पर जानलेवा हमला, शटर बंद कर बचाई जान












