“गुड मॉर्निंग मैनपुरी” अभियान से बढ़ेगा पुलिस-जन विश्वास: एसपी गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर नई पहल शुरू
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिले में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से मैनपुरी पुलिस ने एक नई पहल “गुड मॉर्निंग मैनपुरी” अभियान की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य है—जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और संवाद को और अधिक सहज बनाना। अभियान के तहत जनपद के सभी थानों के पुलिसकर्मी सुबह के समय बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और मोहल्लों में पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से मुस्कुराते हुए ‘गुड मॉर्निंग’ कहा, उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड लाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी अहम जानकारी भी दी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के संवाद से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और पुलिस के प्रति आत्मीयता बढ़ेगी।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि इस अभियान का मकसद सकारात्मक पुलिस-जन संबंधों को मजबूत करना और समाज में सहयोग व विश्वास की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध संबंधी सूचना के लिए तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।












