अमावस्या पर ओमघाट में भव्य गंगा आरती, श्रद्धालुओं ने किया दीपदान
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा बचाओ सेवा समिति की ओर से ओमघाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा घाट की सफाई के साथ हुई, जहां मौजूद श्रद्धालुओं ने स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संकल्प लिया।
गंगा बचाओ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल के नेतृत्व में संपन्न हुई आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और गंगा माता के प्रति आस्था प्रकट करते हुए दीपदान किया। गंगा तट पर दीपों की झिलमिल रोशनी से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
गायत्री परिवार की सुनीता गुप्ता ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि गंगा में कूड़ा या अपशिष्ट न डालें और उसकी पवित्रता बनाए रखें। वहीं, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि “गंगा हमारी जीवनरेखा है, इसे अविरल और निर्मल बनाए रखना हम सबका दायित्व है।”
कार्यक्रम के अंत में नमामि गंगे की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया।
इस मौके पर गायत्री परिवार की लक्ष्मी सिंह, मधु सिंह भदौरिया, उर्मिला तिवारी, सत्यवती, अंजू पांडे, मंजू सिंह, वंदना गुप्ता, ऊषा अवस्थी, प्रतिभा यादव, नीलम, सहित सुरेंद्र पाठक, वीरेंद्र साहू, मनोज कुमार, गोविंद कुमार, ओम गुप्ता एवं अनुज गुप्ता सहित अनेक भक्त मौजूद रहे।
गंगा तट पर हुई यह आरती न केवल आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि लोगों को गंगा की स्वच्छता व संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दे गई।
ये भी पढें मगरपुर क्षेत्र में पोखर में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत












