हेड मास्टर और शिक्षिका में मारपीट शिक्षिका हुई बेहोश, CHC में भर्ती, BSA ने हेड मास्टर को किया निलंबित
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
अयोध्या, बीकापुर: बीकापुर स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को स्कूल परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब हेड मास्टर और एक शिक्षिका के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना में शिक्षिका रीना गुप्ता बेहोश हो गईं, जिन्हें तत्काल अन्य शिक्षकों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से विद्यालय में हेड मास्टर विद्या यादव और नवप्रशिक्षित शिक्षिका रीना गुप्ता के बीच विवाद चल रहा था, जो शनिवार को खुलकर सामने आ गया। आरोप है कि हेड मास्टर ने रीना गुप्ता के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही उनके पति मनीष गुप्ता, जो स्वयं भी एक शिक्षक हैं, मौके पर पहुंचे और कोतवाली एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को घटना की जानकारी दी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से हेड मास्टर विद्या यादव को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, हेड मास्टर के कथित व्यवहार से पूर्व में तीन महिला शिक्षिकाएं अपना स्थानांतरण करवा चुकी हैं। विद्यालय के कई शिक्षक हेड मास्टर के रवैये से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं और उनका कहना है कि ऐसा माहौल किसी के लिए भी कार्य करने योग्य नहीं है।
शिक्षक संघ के पूर्व जिला मंत्री संजय उपाध्याय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, सीएचसी में इलाज के बाद शिक्षिका रीना गुप्ता को होश आ गया है और उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
विद्यालय में इस घटना के बाद शिक्षकों और अभिभावकों में रोष व्याप्त है, और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
ये भी पढ़ें गोरखपुर: स्कूल की लापरवाही से बड़ा हादसा, छत का प्लास्टर गिरने से छात्र घायल












