मैनपुरी में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने बढ़ाया देश का गौरव
संबाददाता : पंकज मिश्रा
मैनपुरी में आज देशभक्ति के रंग में रंगी अब तक की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहर की मुख्य सड़कों पर हजारों लोगों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस विशाल तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए। उनके साथ युवा नेता उदय चौहान, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, सुमित चौहान, प्रदीप चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि हमारी आत्मा, हमारी एकता और हमारी शौर्यगाथा का प्रतीक है। लोगों में देश के प्रति जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करना तथा समाज के हर वर्ग को एकता के सूत्र में बांधना रहा। यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान के साथ सभी ने देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।












