आईटीआई बस्ती में नंबर बढ़ाने के नाम पर अवैध वसूलीl

आईटीआई बस्ती में नंबर बढ़ाने के नाम पर अवैध वसूली , छात्रों ने डीएम और सीडीओ को सौंपा शिकायती पत्र  

बस्ती:- राजकीय औद्योगिक एवं प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बस्ती एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। परीक्षा में नंबर बढ़ाने के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को एक संयुक्त शिकायती पत्र सौंपते हुए इस घोटाले का खुलासा किया है।

शिकायत में छात्रों ने एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षक पहले परीक्षा में खराब प्रदर्शन का हवाला देकर छात्रों पर मानसिक दबाव बनाते हैं, फिर नंबर बढ़ाने का लालच देकर पैसों की मांग करते हैं। जो छात्र पैसे नहीं देते, उन्हें जानबूझकर कम नंबर दिए जा रहे हैं, जिससे उनका शैक्षणिक रिकॉर्ड प्रभावित हो रहा है।

छात्रों ने यह भी दावा किया है कि उनके पास इस भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत मौजूद हैं। उन्होंने ये साक्ष्य जिलाधिकारी और सीडीओ को सौंप दिए हैं, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है। छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ एक शिक्षक की करतूत नहीं है, बल्कि यह पूरे संस्थान की ईमानदारी पर सवाल खड़ा करता है।

इस मामले में संस्थान के प्रधानाचार्य गोविंद कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पूरा प्रकरण बेहद गंभीर है। छात्रों की शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

घटना के सामने आने के बाद छात्रों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि राजकीय संस्थानों में इस तरह की अवैध वसूली न केवल शिक्षा व्यवस्था को कलंकित करती है, बल्कि गरीब और मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। छात्रों ने मांग की है कि दोषी शिक्षक को तुरंत बर्खास्त किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

स्थानीय छात्र संगठनों ने भी इस प्रकरण पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी है। वे चाहते हैं कि इस मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई हो, ताकि अन्य संस्थानों में बैठे भ्रष्ट कर्मचारियों को भी सबक मिले।

यह मामला सिर्फ बस्ती ही नहीं, पूरे प्रदेश की आईटीआई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस पर कितनी तेजी और पारदर्शिता से कार्रवाई करता है।

यह भी पढ़ें ???? ????

पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरण और जानलेवा हमले में लिप्त 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें