इनर व्हील क्लब की पहल: जिला जेल पानीपत में महिला बन्दियों के लिए निटिंग सेंटर का शुभारंभ
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 16 दिसंबर। महिला बन्दियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए सोमवार को इनर व्हील क्लब पानीपत द्वारा जिला जेल, पानीपत में निटिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला जेल अधीक्षक संजीव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनर व्हील क्लब पानीपत ने इंडिया विजन फाउंडेशन के सहयोग से यह नई पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य महिला बन्दियों को कौशल विकास के माध्यम से रोजगारोन्मुख बनाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूजा गोयल ने शिरकत की और इस पहल की सराहना की। उद्घाटन अवसर पर इनर व्हील क्लब पानीपत की अध्यक्ष अनीता कपूर और सचिव अंजलि डेलोरी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह निटिंग सेंटर महिला बन्दियों के लिए न केवल हुनर सीखने का माध्यम बनेगा, बल्कि भविष्य में उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भरता में भी सहायक सिद्ध होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट का सफल समन्वय प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर सीमा चोपड़ा एवं को-कोऑर्डिनेटर आकांक्षा जैन द्वारा किया गया। जिला जेल प्रशासन ने भी इस पहल को महिला सुधार और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इनर व्हील क्लब की यह पहल समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।












