जनता समाधान शिविर सरकार की जनसुनवाई की संस्कृति का प्रतीक: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया
अधिकारी जन शिकायतों पर समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करें — उपायुक्त
क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, 3 नवंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में जनसेवा की भावना को साकार करते हुए सोमवार को जिला सचिवालय परिसर में जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई और कई मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने की।
डॉ. दहिया ने शिविर में आए नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि जनता समाधान शिविर सरकार की जनसुनवाई की संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से किया जाए। “प्रशासन तभी सफल है जब जनता संतुष्ट हो,” उन्होंने कहा।
उपायुक्त ने कहा कि जनता समाधान शिविर जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का पुल है। इस शिविर का उद्देश्य है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्य करें और समय सीमा के भीतर उनका निपटान सुनिश्चित करें।
शिविर में नागरिकों ने बिजली, पानी, पेंशन, पुलिस, पंचायत और नगर निगम से संबंधित कुल 59 शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कई शिकायतों के समाधान के निर्देश मौके पर ही जारी किए। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने बताया कि निगम से जुड़ी शिकायतों पर तेज गति से कार्य किया जा रहा है और आगामी दिनों में प्रक्रिया को और भी पारदर्शी बनाया जाएगा।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाया जा रहा है। वहीं पुलिस उप-अधीक्षक सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग जनसेवा के लिए सदैव तत्पर है और शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में विभिन्न नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं — प्रार्थी हरि किशन ने वार्ड 12 में पेयजल की शुद्धता की जांच करवाने की मांग की; प्रिया ने विधवा पेंशन की स्वीकृति के लिए निवेदन किया; राजेश ने अपने डिपो का पता बदलवाने के लिए अनुरोध किया; यशपाल ने सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की, वहीं रणधीर ने पुलिस से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
अंजू (रैरकलां) ने मकान निर्माण में सहायता देने का अनुरोध किया।
इस मौके पर डीएचओ शार्दुल शंकर, एसडीओ सूबे सिंह, कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. राधेश्याम गुप्ता, मत्स्य अधिकारी मनमोहन सिंह, खेल प्रशिक्षक सुषमा, कंप्लेंट अधिकारी रमेश और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने विभागीय शिकायतों की समीक्षा की और मौके पर ही समाधान के कदम उठाए।












