जीजीआईसी की छात्रा जानवी यादव बनीं एक दिन की सीएमओ
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
मिशन शक्ति 5.0 के तहत मिला अवसर
एटा। सरकारी गर्ल्स इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की कक्षा 11 की छात्रा जानवी यादव ने सोमवार को पूरे दिन जिले की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की कुर्सी संभाली। यह अवसर उन्हें मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत दिया गया। इस दौरान जानवी ने सीएमओ ऑफिस में बैठकर अधिकारियों को निर्देश दिए और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने जानवी यादव का बुके भेंट कर स्वागत किया और उन्हें एक दिन के लिए सीएमओ का चार्ज सौंपा। जानवी ने विभिन्न विभागीय बैठकों में प्रतिभाग किया और जिले के स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से जिले में चल रही योजनाओं और चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जानवी यादव ने कहा, “हमें अपने कार्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना चाहिए। समाज की सेवा ही असली नेतृत्व है।” उनके इस प्रयास को जिलेभर में सराहा जा रहा है। छात्रा के सीएमओ बनने की खबर तेजी से फैल गई और यह चर्चा का विषय बन गई। लोग इसे बालिकाओं के लिए एक प्रेरणादायक कदम मान रहे हैं। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। जानवी जैसी छात्राओं को जिम्मेदारी देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।
जानवी यादव का यह अनुभव न केवल उनके लिए बल्कि जिले की अन्य बच्चियों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित होगा।












