लोकपाल मनरेगा ने कालाकांकर ब्लॉक का किया निरीक्षण, अमृत तालाब का अधूरा कार्य पूरा कराने के निर्देश
दैनिक चक्र
जिला संवाददाता, प्रतापगढ़ — अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़। लोकपाल मनरेगा समाज शेखर ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कालाकांकर विकास खंड मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीडीओ कार्यालय में जनसामान्य की शिकायतों की सुनवाई की और प्रधानों, उनके प्रतिनिधियों तथा मनरेगा कर्मियों से संवाद किया। इसके बाद ग्राम पंचायत माधवापुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल में शिकायतकर्ता बृजेश सरोज की शिकायत पर सुनवाई की गई। मौके पर उपस्थित न होने पर लोकपाल ने सचिव के माध्यम से फोन पर सार्वजनिक रूप से उनका बयान दर्ज कराया। शिकायतकर्ता ने प्रधान व सचिव पर अमृत तालाब के नाम पर अधूरा और खानापूर्ति वाला कार्य कराने का आरोप लगाया। चौपाल के बाद लोकपाल ने ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ तालाब का निरीक्षण किया, जहां तालाब की मेड़ कई स्थानों से कटी मिली। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान क्षेत्र जलमग्न हो जाता है। यह प्राचीन तालाब दुवार नदी के किनारे स्थित है।लोकपाल ने ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान को अधूरे कार्य को शीघ्र पूर्ण कराकर अवगत कराने का निर्देश दिया। साथ ही खंड विकास अधिकारी को अमृत तालाब के अपूर्ण कार्य को पूरा कराकर तकनीकी निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान काशीपुर व रामपुर डड़ौली के प्रधानों ने लोकपाल को अपने गांव आने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए आने का आश्वासन दिया। लाटतारा ग्राम के पूर्व प्रधान ने बकाया धनराशि के संबंध में मुलाकात की, जिस पर लोकपाल ने जिलाधिकारी से मिलकर समाधान कराने की बात कही। वहीं रानीमऊ के ग्रामीणों की मांग पर प्रधान राकेश साहू को पंचायत भवन के सामने स्थित तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के निर्देश दिए गए।
अतौलिया ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि बृजेश यादव तथा वडेरा ग्राम के प्रधान प्रतिनिधि जीत लाल ने भी लोकपाल से मुलाकात कर ग्राम में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।इस अवसर पर जेई एमआई सुमित श्रीवास्तव, तकनीकी सहायक सुनील सिंह व जितेंद्र सिंह, करमगंज के प्रधान प्रमोद पटेल, माधवापुर के प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव, ग्राम सचिव तथा ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें कर्बला की ज़मीन पर बुलडोज़र राजनीति! , JCB लेकर पहुंचा प्रधान का भाई, पुलिस ने दबोचा












