करछना कजरी महोत्सव में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बिखेरी लोकगीतों की छटा, हुईं पुरस्कृत

संवाददाता आयुष मिश्र करछना। रामायतन सेवा संस्थान के सराहनीय सहयोग एवं लोकगायिका श्रीमती मोहिनी श्रीवास्तव की पहल पर आयोजित द्वितीय करछना कजरी महोत्सव के प्रथम दिवस लोकगीतों, विशेषकर कजरी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज, करछना की छात्राओं ने शानदार कजरी प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम की आयोजक एवं लोकगायिका मोहिनी श्रीवास्तव तथा उनकी टीम ने विद्यालय की छात्राओं की कजरी प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन शंखधर ने की। छात्राओं को कजरी की प्रस्तुति के लिए अर्चना द्विवेदी एवं वंदना यादव ने विशेष रूप से तैयारी कराई।
कजरी प्रस्तुति में विद्यालय की छात्राओं आशिका शर्मा, करीना यादव एवं अदिति विश्वकर्मा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को लोक संस्कृति और परंपरागत लोकगीतों से जोड़ने का कार्य किया।
महोत्सव के प्रथम दिवस आयोजित कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख करछना विजय राज सिंह ‘राजू’, मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मदन मोहन शंखधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करछना के अधीक्षक डॉ. वाई.पी. सिंह, ग्रीनफील्ड एकेडमी की प्रधानाचार्या श्रीमती शैली दुबे, बृज मंगल सिंह इंटर कॉलेज रामपुर के प्रधानाचार्य मनीष तिवारी, संस्कार भारती के जिला अध्यक्ष राजन जी, शिल्प मेला नैनी उद्योग नगर के संयोजक दत्तात्रेय पाण्डेय सहित स्थानीय एवं शहर के कई उद्यमी, कवि, साहित्यकार तथा लोक गायक-गायिकाओं की उपस्थिति रही।

आयोजकों ने बताया कि कजरी महोत्सव का उद्देश्य लोकगीतों एवं लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। महोत्सव के दूसरे दिवस कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के साहित्यप्रेमियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।












