कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: एएसपी-एडीएम ने कांवड़ रूट का किया निरीक्षण

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट: एएसपी-एडीएम ने कांवड़ रूट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश।

संवादाता अमन अहमद। एटा। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं एडीएम प्रशासन संगमलाल ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने थाना कोतवाली देहात, थाना अवागढ़ और थाना सकरौली क्षेत्रांतर्गत आने वाले कांवड़ रूट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन सहित सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। इसके साथ ही कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रूट पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों के निरीक्षण से साफ है कि जनपद में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें