एटा में तिरंगे के रंग में रंगे विद्यालय, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार रंगोली, देशभक्ति प्रतियोगिताओं और तिरंगा सजावट से छात्रों में जगाया राष्ट्रप्रेम का भाव
संवादाता अमन अहमद एटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद एटा के माध्यमिक विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों में अलग-अलग देशभक्ति गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के पहले चरण में विद्यालयों की दीवारों, सूचना पटों और बोर्डों को तिरंगा आधारित कलाकृतियों से सजाया गया। कई विद्यालयों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से तिरंगे के तीनों रंगों और राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रदर्शित किया।
अभियान के दौरान देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों और पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए विद्यार्थियों से आभार पत्र भी लिखवाए गए। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या इंटर कॉलेज एटा, जनता इंटर कॉलेज अवागढ़, श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज जैथरा, राजकीय हाई स्कूल मोहम्मद नगर बझेरा, श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज एटा, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज एटा, भारतीय इंटर कॉलेज न्यौराई और आदर्श इंटर कॉलेज जलेसर समेत कई विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगामी चरणों में तिरंगा रैली, स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिताएं, देशभक्ति कार्यक्रम और स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 13 से 15 अगस्त तक घरों, सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों तथा शहीद स्मारकों पर ध्वजारोहण और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था पर भी जोर दिया जाएगा।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा रैली से पहले सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन होगा। खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को खेल भावना से भी जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को अभियान में विद्यार्थियों के साथ आमजन की भी अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
ये भी पढ़ें एटा में 15 अगस्त तक लहराएंगे 4 लाख तिरंगे, डीएम ने अधिकारियों को सौंपे लक्ष्य












