एटा में 15 अगस्त तक लहराएंगे 4 लाख तिरंगे, डीएम ने अधिकारियों को सौंपे लक्ष्य
जिला संवादाता काव्यांश रावत
कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक, 9 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा और देशभक्ति कार्यक्रमों की रहेगी धूम
एटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को विभागवार लक्ष्य और जिम्मेदारियां सौंपते हुए 15 अगस्त तक जिले में 4 लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सरकारी एवं निजी भवनों, स्कूल-कॉलेजों, कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाए। अभियान में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने बताया कि 9 से 15 अगस्त तक जिलेभर में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान तिरंगे की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित नियमों और मर्यादा के अनुरूप ही फहराया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान की लगातार मॉनीटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाते हुए स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाए।
ये भी पढ़ें थाना समाधान दिवस पर ASP/CO रानीगंज ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश












