एटा में बड़ा हादसा टला: अनुबंधित रोडवेज बस ने बुजुर्ग की स्कूटी को मारी टक्कर, चालक फरार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चौराहे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अनुबंधित रोडवेज बस ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बुजुर्ग बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग अपने किसी जरूरी काम से स्कूटी द्वारा बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह कचहरी चौराहे पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही अनुबंधित रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बुजुर्ग सड़क पर गिरने से बच गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें संभाला। वहीं, टक्कर के बाद बस चालक बिना रुके बस लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में रोष फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार बस चालक और वाहन की पहचान करने में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने कचहरी चौराहे पर तेज रफ्तार बसों और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












