अलीगढ़: तेज रफ्तार कार ने हेड कांस्टेबल समेत दो होमगार्ड को मारी टक्कर, चालक फरार
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सूतमील चौराहे पर ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने हेड कांस्टेबल समेत दो होमगार्ड जवानों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूतमील चौराहे पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही कार ने नियंत्रण खोते हुए तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेड कांस्टेबल और दोनों होमगार्ड सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उधर, हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार कार व चालक की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
थाना बन्नादेवी पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े हो गए हैं।












