पति से प्रताड़ित विवाहिता ने लगाई गुहार, बच्चे को जबरन ले जाने का आरोप
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के मयौरा गांव की एक विवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से पति की प्रताड़ना से परेशान है। इसी बीच उसके पति ने उस पर बच्चा चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विवाहिता के अनुसार घटना उस समय हुई जब उसका बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। तभी पति मौके पर पहुंचा और बच्चे को अचानक अपने साथ लेकर चला गया। महिला का कहना है कि उसने बच्चे को नहीं चुराया, बल्कि पति ने ही उसे परेशान करने की नीयत से जबरन बच्चे को ले जाकर उस पर झूठा आरोप लगा दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से करते हुए आरोप लगाया कि पति आए दिन विवाद खड़ा करता है और अब बच्चा छीनकर उसे और भी अधिक परेशान कर रहा है। महिला ने पुलिस प्रशासन से बच्चे को वापस दिलाने और आरोपित पति पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।












