एटा में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। जनपद के थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव कासिमपुर में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, मृतका प्रियंका की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व प्रशांत के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य एक तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर के कमरे के अंदर प्रियंका का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव कासिमपुर की बताई जा रही है।












