वीर बाल दिवस पर पानीपत में सैंड ऑफ आर्ट से जीवंत हुई चार साहिबजादों की शहादत
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल
पानीपत हरियाणा 
पानीपत, 16 दिसंबर।
ऐतिहासिक नगरी पानीपत की धरती पर वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित सैंड ऑफ आर्ट शो में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—की शहादत को अनोखे और भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से आयोजित इस 40 मिनट के सैंड ऑफ आर्ट शो में मुगल शासकों के अत्याचार और साहिबजादों की अद्वितीय वीरता को युवा पीढ़ी के समक्ष प्रभावशाली रूप से दर्शाया गया। आर्य कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा ने किया। कार्यक्रम में एनएसबी के प्रसिद्ध सैंड आर्ट कलाकार ओम प्रकाश ने अपनी कला के माध्यम से 10वीं पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को जीवंत किया। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना, मुगल शासकों के आक्रमण, सरहिंद के सूबेदार वजीर खां की क्रूरता और 20-21 दिसंबर 1704 को गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा परिवार सहित श्री आनंदपुर साहिब किला छोड़ने की घटना को सैंड आर्ट के माध्यम से दर्शाया। कलाकार ने सरसा नदी पर गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार के बिछड़ने, गंगू द्वारा लालच में आकर माता गुजरी जी और छोटे साहिबजादों की सूचना वजीर खां को देने, तथा उसके बदले सोने की मोहरें प्राप्त करने की घटना को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद माता गुजरी जी और 7 वर्षीय साहिबजादा जोरावर सिंह तथा 5 वर्षीय साहिबजादा फतेह सिंह को ठंडे बुर्ज में बंद किए जाने, अमानवीय यातनाओं और इस्लाम कबूल करने के दबाव के बावजूद साहिबजादों की अडिग आस्था को दर्शाया गया।सभा में प्रस्तुत दृश्य में जब साहिबजादों ने निर्भीक होकर “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” का जयकारा लगाया, तो दर्शक भावविभोर हो उठे। अंततः 27 दिसंबर 1704 को दोनों छोटे साहिबजादों को जिंदा दीवारों में चुनवाए जाने और ‘जपुजी साहिब’ का पाठ करते हुए उनकी शहादत को अत्यंत मार्मिक रूप से प्रदर्शित किया गया। उधर, शहादत की खबर सुनकर माता गुजरी जी द्वारा अकाल पुरख का शुक्रिया अदा कर प्राण त्याग देने की घटना भी सैंड आर्ट में दिखाई गई। इसके साथ ही चमकौर साहिब के युद्ध में बड़े साहिबजादों—अजीत सिंह और जुझार सिंह—द्वारा प्रदर्शित अद्वितीय वीरता और वीरगति को प्राप्त होने की कथा ने दर्शकों को गर्व और श्रद्धा से भर दिया। सैंड ऑफ आर्ट शो को उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुनील बसताडा, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप रतेवाल, नोडल अधिकारी मीनाक्षी शर्मा, अनीता बठला, मुकेश (हेड टीचर), नरेश मलिक, प्राध्यापक शशिकांत शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












