लखनऊ के चौक में खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, 500 मीटर दूर तक दिखा धुआं, मची अफरा-तफरी
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान

लखनऊ के चौक इलाके में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बच्चों के खिलौने बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि करीब 500 मीटर दूर से ही धुएं के काले गुबार आसमान में उठते दिखाई दे रहे थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटा नाला निवासी जुल्फकार की खिलौना फैक्ट्री में शाम करीब 5:36 बजे आग लगने की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हो गया और तुरंत तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी रही। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।












