प्राइमरी स्कूल के रंगबाज टीचर की शर्मनाक हरकत, लड़कियों के नहाने की जगह लगाया चोरी से कैमरा
बस्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ने अपनी मर्यादा को तार-तार कर दिया। सोनहा थाना क्षेत्र के चिरई बाधा गांव में तैनात शिक्षक अली आजम पर लड़कियों के नहाने की जगह चोरी-छिपे CCTV कैमरा लगाने का गंभीर आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक अली आजम लड़कियों पर नजर रखने के लिए नहाने के स्थान पर कैमरा लगाकर उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड कर रहा था। जैसे ही इस हरकत की भनक लगी, ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कैमरा बरामद कर लिया।
हालांकि, इस गंभीर कृत्य के बावजूद पुलिस ने अब तक शिक्षक के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है। केवल शांति भंग की धाराओं में अली आजम का चालान कर उसे छोड़ दिया गया है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की हरकत बेहद शर्मनाक और गंभीर है, और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी। फिलहाल मामला सोनहा थाना पुलिस के संज्ञान में है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।












