मोहर्रम और कांवड़ यात्रा शांति के साथ सम्पन्न कराने की तैयारी, टीकाकरण अभियान में भी तेजी के निर्देश।
संवादाता अमन अहमद: एटा/अलीगंज। आगामी मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को अलीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम जगमोहन गुप्ता और सीओ नीतीश गर्ग सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि नई परंपराएं शुरू नहीं की जाएंगी और सभी आयोजनों को शांति एवं सौहार्द के साथ सम्पन्न कराया जाएगा।
एसडीएम गुप्ता ने बताया कि ताजिया की ऊंचाई अधिकतम 15 फीट रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जुलूस मार्गों का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। जहां भी बिजली के तार झूल रहे हैं, उन्हें ऊंचा कराने और पोलों पर सुरक्षा गार्ड लगाने के आदेश दिए गए हैं। बारिश के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। ताजिया जुलूस के दौरान ड्रोन से निगरानी के साथ-साथ वालिंटियर और पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
सीओ नीतीश गर्ग ने लोगों से शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। इस बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, बसपा नेता जुनैद मियां, विनोद आर्या, साहब अली, जॉनी समेत कई सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
टीकाकरण अभियान को गति देने के निर्देश
इसी दिन अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिवकुमार राजपूत ने एएनएम के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने 0 से 5 वर्ष के बच्चों के पूर्ण टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रति सत्र कम से कम 10 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
टीकाकरण की धीमी प्रगति पर पायल कुमारी (नदराला), पूनम (खरसुलिया), मालती यादव (रामपुर) को विशेष निर्देश देकर अभियान को तेज करने के लिए कहा गया है।
प्रशासन दोनों ही मोर्चों—धार्मिक आयोजनों और स्वास्थ्य सेवाओं—पर गंभीरता से काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें Etah: ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर, तीन घायल












