सोनपुर भाभर में नजर आया मोहर्रम का चांद, कल से शुरू होगा इस्लामी नववर्ष
संवाददाता अब्दुल मजीद
बलरामपुर (सोनपुर भाभर)। सोनपुर भाभर क्षेत्र में मंगलवार शाम मगरिब की नमाज के बाद मोहर्रम का चांद देखने का विशेष इंतजाम किया गया। स्थानीय लोगों और मुस्लिम समुदाय के बुजुर्गों की मौजूदगी में चांद दिखाई देने की पुष्टि हुई, जिसके साथ ही मोहर्रम माह का आगाज हो गया। चांद नजर आने के बाद मुस्लिम समुदाय में खुशी का माहौल देखा गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कल से मोहर्रम की पहली तारीख शुरू होगी, जबकि 10वीं मोहर्रम (यौमे आशूरा) शुक्रवार को मनाई जाएगी। समुदाय के लोगों ने बताया कि मोहर्रम इस्लाम धर्म का अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण महीना माना जाता है। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। परंपरा के अनुसार 9वीं मोहर्रम की रात ताजिया जुलूस निकालकर चौक पर रखा जाता है तथा 10वीं मोहर्रम को ताजियों को करबला ले जाकर ठंडा किया जाता है।
धार्मिक विद्वानों के अनुसार मुस्लिम समाज में अरबी कैलेंडर की गणना मोहर्रम माह से प्रारंभ होती है। इसलिए मोहर्रम की पहली तारीख इस्लामी नववर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक मानी जाती है।
मोहर्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों ने शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ धार्मिक कार्यक्रमों को संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन भी त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।












