कैथल: अवैध संबंध से जन्मे बच्चे की हत्या, मां ने ही गला घोंटा
विवाहिता ने नवजात की गला घोंटकर की हत्या, प्रेम संबंधों के शक में उठे सवाल, सास ने दर्ज कराई FIR
हरियाणा के कैथल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अवैध संबंधों से जन्मे नवजात बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला ने पहले नवजात के मुंह में राख भर दी और फिर दुपट्टे से उसका गला घोंटकर जान ले ली। इसके बाद उसने शव को स्कूल बैग में बंद कर मवेशियों के बाड़े में छिपा दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला पूनम का पति पिछले तीन वर्षों से विदेश में कार्यरत है और इस दौरान वह एक बार भी घर नहीं लौटा। दंपती के पहले से तीन बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा। पुलिस को शक है कि नवजात बच्चा महिला के प्रेमी का था, जिसे वह छुपा नहीं सकी और जन्म के तुरंत बाद उसकी हत्या कर दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर में बदबू फैलने लगी, जिसके बाद सास को शक हुआ। तलाश के दौरान मवेशियों के बाड़े में बैग से नवजात का शव बरामद हुआ। सास ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की FIR दर्ज कराई।
थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि महिला की तबीयत को देखते हुए फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। स्वास्थ्य सुधरते ही उसे पुलिस रिमांड में लिया जाएगा और गहन पूछताछ की जाएगी। आरोपी पर हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि महिला के कथित प्रेम संबंध उसके निजी जीवन से जुड़ा मामला है, इसलिए इस पहलू पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें एथेनॉल उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को मिला तकनीकी मार्गदर्शन












