राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम योगी ने युवाओं को दी नई दिशा, खेलो इंडिया को मिली मजबूती
स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा सशक्तीकरण कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी : लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में भारत और भारतीयता को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने वाले युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद जी की पावन जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय युवा सम्मान एवं युवा सशक्तीकरण कार्यक्रम में सहभाग किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने के उद्देश्य से खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 5 मल्टीपर्पज हॉल का लोकार्पण तथा 3 ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनपदों से आए युवाओं द्वारा लगाए गए स्टार्टअप, नवाचार एवं स्वदेशी उत्पादों के स्टालों का अवलोकन किया और प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।












