राजा भैया के निर्देश पर प्रशासन ने दिखाई तेजी , 35 वर्षों से बंद पड़े चकमार्ग को कराया दबंगों के कब्जे से मुक्त
जिला संवाददाता अमित शुक्ला बाघराय प्रतापगढ़। विकास खण्ड विहार अंतर्गत ग्राम सभा रोर के शुकुलपुर पचैंया में लगभग 35 वर्षों से अवैध कब्जे में रहने के पश्चात गाटा संख्या 1380 चकमार्ग अन्ततः कब्जा मुक्त हो गया और निर्माण कार्य के पश्चात चकमार्ग पर ग्रामीणों का आवागमन भी सुनिश्चित हो गया। लंबे समय से दबंगों के कब्जे में रहने के कारण ग्रामीणो का आवागमन दबंगों द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया था ग्रामीणों की समस्या से अवगत होकर पत्रकार आशीष पाण्डेय एवं युवा समाजसेवी विपिन शुक्ला द्वारा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुंडा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुं० रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के संज्ञान में लाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजा भैया ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चकमार्ग को कब्जामुक्त कराकर उस पर मिट्टी डलवाने सहित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। उनके निर्देश के बाद प्रशासन हरकत में आया और महज एक सप्ताह के भीतर वर्षों से लंबित चकमार्ग का निर्माण कार्य पूरा करा दिया गया।
उपजिलाधिकारी कुंडा के आदेश पर नायब तहसीलदार की उपस्थिति में सीओ चकबंदी, राजस्व निरीक्षक, राजस्व लेखपाल ,चकबंदी लेखपाल ,खंड विकास अधिकारी विहार शिव बहादुर सिंह, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) सुरेंद्र नाथ, बाघराय थाना अध्यक्ष श्रवण कुमार तथा अधिवक्ताओं एवं पत्रकार की मौजूदगी में चकमार्ग का विधिवत सीमांकन कराया गया। सीमांकन के उपरांत दबंगो के अवैध कब्जे से मुक्त कराकर चकमार्ग पर मिट्टी डलवाकर एवं समतलीकरण कराकर चकमार्ग पर ग्रामीणों का आवागमन सुनिश्चित कराया गया।
ग्रामीणों ने चकमार्ग के कब्जा मुक्त होने पर खुशी व्यक्त करते हुए माननीय कुं० रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) एवं समस्त प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया एवं धन्यवाद दिया इस चकमार्ग के बनने से अब किसानों और ग्रामीणों को कृषि कार्य हेतु आवागमन में सुविधा मिलेगी एवं कृषि कार्य हेतु वाहनों का भी आवागमन हो सकेगा।












