डीजीपी पर टिप्पणी को लेकर क्षत्रीय समाज में आक्रोश, माफी न मांगी तो बहिष्कार की चेतावनी
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल राणा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला द्वारा हरियाणा के डीजीपी ओम प्रकाश सिंह पर की गई टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि दिग्विजय चौटाला ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो समस्त राजपूत समाज उनका सामाजिक बहिष्कार करेगा। सतपाल राणा ने कहा कि ओम प्रकाश सिंह राजपूत समाज की शान हैं और वर्तमान में हरियाणा जैसे संवेदनशील राज्य में डीजीपी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे वरिष्ठ पद पर आसीन अधिकारी के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाना न केवल प्रशासन का अपमान है, बल्कि पूरे क्षत्रीय समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने आगे कहा कि दिग्विजय चौटाला यह भ्रम न पालें कि हरियाणा में डीजीपी अकेले हैं। समस्त हरियाणा का क्षत्रीय समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है और अपने सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना जानता है। राणा ने आरोप लगाया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी की दुर्दशा के बाद पैदा हुई हताशा में ही दिग्विजय चौटाला ने डीजीपी पर अभद्र टिप्पणी की है। प्रेस विज्ञप्ति में राणा ने यह भी कहा कि राजपूत समाज को यह प्रतीत होता है कि दिग्विजय चौटाला और दुष्यंत चौटाला, चौधरी देवीलाल की परंपराओं से भटक गए हैं। चौधरी देवीलाल 36 बिरादरी को साथ लेकर चलते थे और कभी किसी समाज या व्यक्ति का अपमान नहीं करते थे।
अंत में, क्षत्रीय समाज की ओर से यह मांग भी रखी गई कि हरियाणा के डीजीपी ओम प्रकाश सिंह को एक्सटेंशन देकर आगामी तीन वर्षों तक इस पद पर बनाए रखा जाए, ताकि राज्य में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।












