तेज बारिश में लेंटर गिरने से नेवरी गांव में दर्दनाक हादसा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
मलबे में दबकर बेटी की मौत, मां गंभीर रूप से घायल
कासगंज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के नेवरी गांव में मंगलवार को भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में बने एक पुराने मकान का लेंटर अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे वहां मौजूद मां और बेटी मलबे में दब गईं।
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मां को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने बताया कि मकान की दीवारें लगातार हो रही बारिश से कमजोर हो गई थीं, जिसके कारण लेंटर गिरने की यह दर्दनाक घटना हुई।
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें मां-बेटे की पिटाई, आरोपियों पर मुकदमा दर्ज












