सकीट में गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप
संवाददाता मुकेश कुमार
मासूम बच्चों सहित 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे
एटा। जनपद के थाना सकीट क्षेत्र के मोहल्ला खरा में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में तीन मासूम बच्चों सहित दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना पर थाना सकीट पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज एटा भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत नाजुक बताई है। आग लगने से घर का सामान जलकर खाक हो गया। मोहल्ले में इस हादसे से मातम पसर गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस लीकेज हो रही थी, लेकिन परिवार को इसका अंदाजा नहीं था। जैसे ही चूल्हा जलाया गया, पूरे कमरे में आग फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












