फूलापुर डबल मर्डर केस का पर्दाफाश
संवाद दाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव फूलापुर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य वारदात के पीछे किसी बाहरी नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाला अर्जुन ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि अर्जुन की मृतक दंपति से पुरानी रंजिश थी और आपसी बनती नहीं थी, इसी दुश्मनी के चलते उसने पूरी साजिश रची।
पुलिस के अनुसार अर्जुन को पहले से जानकारी थी कि दंपति के घर शादी का आयोजन चल रहा है, जिस कारण घर में सोना-चांदी और नकदी मौजूद होगी। इसी लालच और रंजिश के चलते अर्जुन ने वारदात की योजना बनाई और अपने एक साथी के साथ मिलकर डबल मर्डर को अंजाम दिलवाया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। कॉल डिटेल, आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस असली आरोपियों तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और घटना में प्रयुक्त सामान व लूटा गया माल भी बरामद किया जा रहा है। इस डबल मर्डर के खुलासे से जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं गांव में दहशत का माहौल भी बना हुआ है।
ये भी पढ़ें बिस्कोहर–नावाडीह–सिंगारजोत मार्ग के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी












