पीएम सूर्य घर योजना को एटा में मिली नई रफ्तार: डीएम ने सोलर प्लांट लगाने वाले लाभार्थियों को किया सम्मानित।
संवादाता अमन अहमद। एटा जनपद में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार के बाहर आयोजित कार्यक्रम में निजी आवासों पर ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं जनहितकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा की जा रही है। साथ ही जनपद के नागरिकों द्वारा नेडा विभाग एवं पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से योजना का लाभ लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
डीएम प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि योजना के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए अब जनपद में प्रत्येक सप्ताह ऐसे सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, ताकि लाभार्थियों को प्रोत्साहन मिल सके और अन्य लोग भी सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक जनपद में 1100 से अधिक उपभोक्ता इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिससे उनके बिजली बिल में 80 से 100 प्रतिशत तक की कमी आई है। कुछ लाभार्थी अतिरिक्त उत्पादित बिजली को विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट पर 45 हजार, 2 किलोवाट पर 90 हजार तथा 3 किलोवाट पर 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में दी जा रही है। इसके अलावा बैंकों से ऋण सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक नागरिक नेडा विभाग से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें मवई गांव में मजार क्षतिग्रस्त करने का मामला, वीडियो वायरल — पुलिस ने बजरंग दल नेता को हिरासत में लिया












