कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ नगर ने किया रूट निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए जरूरी निर्देश।
संवादाता अमन अहमद।

एटा। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह ने थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ियों के विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में की गई बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्रों तथा सुरक्षा इंतजामों का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे रूट पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो तथा शिवभक्तों को पूरे मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।












