पुलिस कस्टडी में थर्ड डिग्री, प्राइवेट पार्ट में मिर्च लिक्विड डालने वाला कोतवाल गिरफ्तार
हरियाणा: हरियाणा के पलवल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगी के एक केस में पूछताछ के लिए लाए गए एक व्यक्ति के साथ थर्ड डिग्री का ऐसा अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
आरोप है कि पुलिस कस्टडी में आबिद नाम के व्यक्ति के प्राइवेट पार्ट में मिर्च का घोल डाला गया और उसे वही घोल जबरन पिलाया गया। मामले की गंभीरता और सीसीटीवी फुटेज में आरोप की पुष्टि के बाद पुलिस इंस्पेक्टर राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई राजस्थान के कोटा जिले के सांगोद गांव निवासी आबिद की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आबिद ने बताया कि वह तेल मालिश का काम करता है और 5 दिसंबर 2024 को अपने दोस्त करीम खान के साथ पलवल आया था। यहां रामबीर नामक व्यक्ति ने अपने लकवाग्रस्त पिता की सेवा के लिए 12 हजार रुपये में बुलाया था, लेकिन बाद में पैसे देने से इनकार कर दिया।
इस पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और रामबीर ने पुलिस को बुला लिया। आबिद का आरोप है कि थाने लाए जाने के बाद एसएचओ राधेश्याम ने उसे विश्राम कक्ष में ले जाकर पहले पैट उतरवाई, फिर हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद हरी मिर्च का घोल जबरन पिलाया गया और एक बड़े इंजेक्शन के जरिए वही घोल गुदा में डाला गया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उस वक्त वहां चौकी इंचार्ज मनोज समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। उन्होंने राधेश्याम को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की एक न सुनी।
फिलहाल इस सनसनीखेज मामले में आगे की कार्रवाई जारी है
ये भी पढ़ें फर्रुखाबाद: चोरों का आतंक, घर के बाहर से दो भैंसें चोरी, ग्रामीणों में दहशत












