प्रतापगढ़ में टावर पर चढ़ी युवती को पुलिस ने सकुशल उतारा, प्रेमी को छुड़ाने की कर रही थी मांग
प्रतापगढ़। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित चारु नर्सिंग होम के पास मंगलवार को एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने प्रेमी अंकित गौतम निवासी थाना महेशगंज के खिलाफ शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए थाना कुण्डा में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में थाना कुण्डा पुलिस ने आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया गया कि युवती अपने प्रेमी को जेल से छुड़वाने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को सकुशल नीचे उतारा।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।












