प्रयागराज: जमीन के लिए पोते ने की दादी की नृशंस हत्या, सोती अवस्था में काट डाली गर्दन
संपत्ति के बंटवारे से नाराज़ था हत्यारा पोता केशव विश्वकर्मा
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: प्रयागराज जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पोते ने जमीन के विवाद को लेकर अपनी ही दादी सरजू देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना उस समय की है जब वृद्धा अपने घर में सो रही थीं। आरोप है कि पोते ने सोती अवस्था में धारदार हथियार से दादी का गला काट दिया।
जमीन के लिए 15 दिन से चल रही थी तैयारी
हत्या का आरोप केशव विश्वकर्मा नामक युवक पर है, जो लम्बे समय से दादी की 2 बिस्सा पुश्तैनी जमीन को अपने नाम करवाना चाहता था। जानकारी के मुताबिक, पिछले 15 दिनों से केशव रोज़ दादी को उनकी पसंदीदा जलेबी और रसगुल्ले लाकर दे रहा था, ताकि उन्हें अपने पक्ष में किया जा सके। लेकिन जब सरजू देवी ने सभी वारिसों को बराबर हिस्सा देने का निर्णय लिया, तो केशव ने क्रोध में आकर उनकी हत्या कर दी।
धड़ से अलग कर दी गर्दन
घटना की क्रूरता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि केशव ने दादी की गर्दन पूरी तरह धड़ से अलग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस कर रही जांच, आरोपी फरार
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी केशव फिलहाल फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
परिवार में मातम, गांव में सनसनी
इस वीभत्स हत्या से न सिर्फ पीड़ित परिवार में मातम छा गया है, बल्कि गांव के लोग भी सदमे में हैं। बुज़ुर्ग महिला को जिस पोते पर सबसे ज़्यादा भरोसा था, उसी ने उनकी जान ले ली।
ये भी पढ़ें जयपुर: सांगानेर की मंदरामपुरा बस्ती में भीषण आग, 15 परिवार बेघर












