बाराबंकी: गर्भवती महिला की गला काटकर निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी
UP: बाराबंकी जिले के लाला पुरवा मजरा सेमरावा गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव निवासी सूरज लाल की 27 वर्षीय गर्भवती पत्नी राजकुमारी की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित पति सूरज लाल ने बताया कि वह सुबह मजदूरी के लिए बाराबंकी गया था, लेकिन काम न मिलने के कारण दोपहर करीब 1 बजे वापस लौटा। घर पहुंचने पर दरवाजा खुला मिला। उसने कई बार पत्नी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह अंदर गया तो देखा कि राजकुमारी बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और खून बिस्तर से नीचे तक बह रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है और मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में इस घटना के बाद भय का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें प्रजापिता ब्राम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित शिवध्वजारोहण….












