एटा में आशा संगिनी कर्मचारियों का आक्रोश, वेतन बढ़ोतरी समेत कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले में आशा संगिनी कर्मचारी संगठन से जुड़ी महिला कर्मचारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कम वेतन, मानदेय में बढ़ोतरी और अन्य लंबित मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में महिला कर्मचारी धरना स्थल पर एकत्र हुईं और उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और नारेबाजी के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। संगठन की पदाधिकारी लक्ष्मी गौतम ने बताया कि आशा संगिनी कर्मचारियों को मिलने वाला वर्तमान वेतन बेहद कम है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। बढ़ती महंगाई के बीच सीमित मानदेय में जीवन यापन करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि आशा संगिनी कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं और जमीनी स्तर पर सरकार की योजनाओं को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं, इसके बावजूद उन्हें उचित सम्मान और पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। लक्ष्मी गौतम ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्याओं का स्थायी समाधान न होने के कारण कर्मचारियों को एक बार फिर प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।












