जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का जनसंपर्क अभियान शुरू “जनप्रतिनिधि आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत 20 से 23 जनवरी तक 23 गांवों में पहुंचेंगे नेता,जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
दैनिक चक्र / ब्यूरो प्रतापगढ़ / अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़।जनसत्ता दल लोकतांत्रिक द्वारा जनहित को केंद्र में रखकर विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम “जनप्रतिनिधि आपके द्वार” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 20 जनवरी से 23 जनवरी तक कुंडा एवं कालाकांकर ब्लॉक के कुल 23 गांवों में आयोजित होगा, जहां जनप्रतिनिधि सीधे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान का प्रयास करेंगे।यह जनसंपर्क अभियान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री व कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद व वर्तमान विधान परिषद सदस्य कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के तहत कुंडा ब्लॉक में 20 व 22 जनवरी तथा कालाकांकर ब्लॉक में 21 व 23 जनवरी को जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर जनता से सीधे संवाद करेंगे। तय समय-सारिणी के अनुसार प्रत्येक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।मीडिया प्रभारी एवं जिला पंचायत सदस्य विनोद पटेल ने बताया कि यह कार्यक्रम जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की जनसेवा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य शासन-प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा आमजन की आवाज़ को सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना है।इस अभियान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोगों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान अब धरातल पर दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ कुण्डा थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला












