आगरा मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा में दिनांक 23.05.2026 को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल व मुख्यालय से आए विशेष अतिथि प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा ने की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित थे। यह बैठक प्रत्येक तिमाही में आयोजित की जाती है, जिसमें राजभाषा हिंदी में किए गए कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा की जाती है तथा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाते हैं। बैठक के दौरान बताया गया कि उक्त तिमाही में मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार मंडल कार्यालय स्तर पर सांस्कृतिक अकादमी, स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन एवं खेलकूद संघ से संबंधित निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 14 कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को निरंतर आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए। मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी बीरेंद्र सिंह चौहान ने बैठक का संचालन किया।












