मैनपुरी में एचपी गैस गोदाम पर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, डीएम ने दिए जांच के निर्देश

मैनपुरी में एचपी गैस गोदाम पर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, डीएम ने दिए जांच के निर्देश

संवाददाता :पंकज मिश्रा

मैनपुरी। जिले में स्थित एचपी गैस गोदाम में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जानकारी के अनुसार गोदाम में लगाए गए अग्निशमन यंत्र बदहाल स्थिति में हैं, जबकि आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं पाई गई। सबसे गंभीर बात यह है कि गैस गोदाम आबादी के बीच संचालित हो रहा है, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोदाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि गैस जैसे अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ के भंडारण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जांच के बाद गैस गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें