खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 10 नमूने जांच को भेजे अस्वच्छ हालत में रखा 15 लीटर मिश्रित दूध मौके पर कराया गया नष्ट

खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 10 नमूने जांच को भेजे

अस्वच्छ हालत में रखा 15 लीटर मिश्रित दूध मौके पर कराया गया नष्ट

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में रेस्टोरेंट, डेयरी और मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच करते हुए टीम ने कुल 10 खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। धारूपुर राजगढ़ स्थित अरविंद यादव के प्रतिष्ठान से पनीर एवं मिश्रित दूध का नमूना लिया गया, जबकि विश्वनाथगंज स्थित विश्वनाथ डेयरी से गाय और भैंस के दूध के नमूने संग्रहित किए गए।

इसके अलावा जम्हुआ कटरा गुलाब सिंह स्थित संतोष यादव, हैंसी कटरा गुलाब सिंह स्थित विनोद यादव तथा सराय ताराचंद्र स्थित आलोक यादव के प्रतिष्ठानों से मिश्रित दूध के एक-एक नमूने लिए गए।

कुंडा में 15 लीटर अस्वच्छ दूध कराया गया नष्ट

सरजूनगर कुंडा स्थित बेंगाली भाई मिष्ठान भंडार के निरीक्षण के दौरान पनीर के अवमानक होने की आशंका पर उसका नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में करीब 15 लीटर मिश्रित दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। लगभग 600 रुपये मूल्य के इस दूध को खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।

वहीं, सरजूनगर कुंडा स्थित सुरेश स्वीट्स से पनीर तथा रानीगंज स्थित मनोहर स्वीट्स से खोया का नमूना लिया गया। इसके साथ ही मंगरौरा पट्टी स्थित मून लाइट रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान संग्रहित सभी 10 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें