आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा रंगदारी वसूलने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर मुजीब अहमद
संवाददाता — निशांत त्रिपाठी सीतापुर। बीते कछ दिनों से सोशल मीडिया के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चर्चा का विषय बने मुजीब अहमद को सीतापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुजीब अहमद पुत्र इकबाल अहमद, निवासी ग्राम बट्सगंज, मकान नंबर 447, थाना कोतवाली सीतापुर पर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कचनार में भूमि पर जबरन कब्जा करने और रंगदारी वसूलने के आरोप लगाए गए थे।
मामला लगातार सुर्खियों में रहने के बाद मुजीब अहमद भी सामने आया और स्वयं को समाजसेवी बताया। वहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक मुजीब अहमद का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व कचनार क्षेत्र में एक प्रधान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एक मंत्री का आगमन हुआ था। इसी दौरान मुजीब अहमद के कथित आपराधिक इतिहास का हवाला देते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई थी।
फिलहाल मुजीब अहमद की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।












