प्रतापगढ़ में घर में बड़ी चोरी से हड़कंप, लाखों के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के सरसी खाम गांव में बुधवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर करीब एक लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण ले गए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, माथबेदी, चार चूड़ियां, अंगूठियां, नथिया, हाफ पेटी सहित चांदी के आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। बक्से में रखे करीब 7 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात सामने आई है।
सुबह परिजनों की नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन की। पीड़ित ने कंधई थाने में तहरीर देकर चोरी का खुलासा कर कार्रवाई की मांग की है।
घर में हुई बड़ी चोरी की घटना से गांव में हड़कंप मचा है। ग्रामीणों में रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता और दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में आधार कार्ड बनवाने वालों को बड़ी राहत












