नुक्कड़ नाटकों और संवादों से अलीगढ़ में गूंजा यूपी-112 का सुरक्षा संदेश
मंडल संवाददाता अमित चौहान
जन-जागरूकता की बात, जन-जन के साथ थीम पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलीगढ़ जनपद में यूपी-112 टीम द्वारा लोगों को सुरक्षा, त्वरित पुलिस सेवा और आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान डायल-112 टीम ने हीरा लाल बारह सैनी स्कूल थाना गांधी पार्क, पनैठी चौराहा थाना अकराबाद, तथा नुमाइश ग्राउंड थाना बन्ना देवी में नुक्कड़ नाटक और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया। टीम ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति – चाहे वह अपराध, दुर्घटना, आग लगने या चिकित्सीय आपदा से जुड़ी हो – में केवल 112 नंबर पर कॉल कर तुरंत पुलिस, एंबुलेंस या फायर सेवा की सहायता प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम में टीम के सदस्यों ने बताया कि यूपी-112 सेवा राज्यभर में 24×7 संचालित है और इसका उद्देश्य हर नागरिक तक त्वरित सहायता और सुरक्षा की भावना पहुंचाना है। बच्चों और युवाओं ने नुक्कड़ नाटकों के जरिए सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर लोगों ने सराहना की।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जन-जागरूकता अभियानों से लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ता है और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलती है।












