एटा रेलवे लाइन किनारे संदिग्ध हालात में पशुओं के कटे अवशेष मिलने से सनसनी
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा जनपद में उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में कई पशुओं के कटे हुए अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। मामला अवागढ़ कोतवाली क्षेत्र के गदेसरा बंबा के पास का बताया जा रहा है, जहां स्थानीय लोगों ने दुर्गंध और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर पशु-चिकित्सक को भी बुलाया गया, जिन्होंने कटे हुए अवशेषों का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में अवशेषों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
पुलिस ने एहतियातन सभी अवशेषों को जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवा दिया, ताकि किसी प्रकार की बीमारी फैलने या माहौल बिगड़ने की आशंका न रहे।
अधिकारियों के अनुसार, अवशेषों की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये गौवंश के हैं या किसी अन्य पशु के। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में भी नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।












