SNS कॉलेज ऑफ एजुकेशन को BCI से एलएलबी पाठ्यक्रम की दी मंजूरी, ग्रामीण छात्रों को गांव में मिलेगी विधि शिक्षा की सुविधा।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
मंगरौरा, प्रतापगढ़।प्रतापगढ़ जिले के विकास खंड मंगरौरा के ग्राम सभा भिवनी स्थित एसएनएस (श्रीमती नगीना सूर्य नारायण सिंह) कॉलेज ऑफ एजुकेशन को Bar Council of India से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित करने की ताजा मंजूरी (Fresh Approval) मिल गई है।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा 3 जुलाई 2026 को जारी स्वीकृति पत्र में 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम के लिए दो सेक्शन में कुल 120 सीटों तथा 5 वर्षीय बी.ए.-एलएलबी एकीकृत पाठ्यक्रम के लिए एक सेक्शन में 60 सीटों पर प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति निरीक्षण, सत्यापन तथा विधि शिक्षा नियम-2008 एवं बार काउंसिल के निर्धारित मानकों के निरंतर अनुपालन की शर्त पर दी गई है।
कॉलेज के प्रबंधक अशोक सिंह ने बताया कि इस मंजूरी से प्रतापगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब विधि (एलएलबी) की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण कानूनी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी।कॉलेज प्रबंधन ने इसे क्षेत्र की उच्च शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार












