परिवहन विभाग गाजियाबाद द्वारा निरंतर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। स्पष्ट किया गया है कि ओवरलोडिंग किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है
संवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में जनपद में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु परिवहन विभाग, गाजियाबाद द्वारा निरंतर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 10/11.02.2026 को जनपद के विभिन्न मुख्य मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं संपर्क मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। उक्त अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा माल वाहनों की गहन जांच की गई। जिसमें पाया गया कि अनेक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित किये जा रहे थे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है तथा सड़कों एवं पुलों की संरचना को भी गंभीर क्षति पहुँचती है। जांच के उपरांत नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 24 ओवरलोड वाहनों को मौके पर ही नि सीज कर दिया गया।इसके अतिरिक्त संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं परिवहन नियमावली के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए चालान की कार्रवाई भी की गई।विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ओवरलोडिंग किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है तथा भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रवर्तन अभियान का नेतृत्व डाॅ0 सिया राम वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), गाजियाबाद द्वारा किया गया, जिसमें प्रवर्तन अधिकारियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ओवरलोड वाहनों के कारण न केवल सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, बल्कि सड़कों की आयु भी कम होती है, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। साथ ही आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए शासन स्तर से ओवरलोडिंग के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है, जिसके अंतर्गत नियमित रूप से विशेष चेकिंग अभियान संचालित किये जा रहे हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान सतत रूप से जारी रहेंगे। यह अभियान परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी श्री अमित राजन राय, श्री मनोज कुमार मिश्रा, श्री राजेश्वर कुशवाहा एवं श्री जीत बहादुर सिंह द्वारा चलाया गया।












